दबंग साहू
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल विकासखंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय प्राथमिक शाला चकरबाय में शिक्षकों की भारी लापरवाही और मनमानी का मामला सामने आया है। यहां पदस्थ हेडमास्टर कुमार रात्रे पर निर्धारित समय से पहले स्कूल बंद करने और नशे की हालत में स्कूल आने के गंभीर आरोप ग्रामीणों ने लगाए हैं।
समय से पहले स्कूल में ताला
ग्रामीणों के अनुसार, गत दिवस हेडमास्टर कुमार रात्रे ने दोपहर 11:30 बजे ही स्कूल में ताला जड़ दिया और बच्चों को घर भेजकर वहां से चलते बने। इस विद्यालय में कुल दो ही शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से एक शिक्षक अवकाश पर थे, जबकि अकेले मौजूद हेडमास्टर ने अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ते हुए स्कूल का संचालन समय से पहले ही बंद कर दिया।
नशे में स्कूल संचालन का आरोप
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि हेडमास्टर कुमार रात्रे अक्सर स्कूल परिसर में गुड़ाखू और तंबाकू जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। शिक्षक की इस गैर-जिम्मेदाराना और अनुचित हरकत से विद्यालय का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है, जिसका सीधा असर बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों के विरोध के बाद खुला स्कूल
जब समय से पहले स्कूल बंद होने की जानकारी ग्रामीणों को मिली, तो उन्होंने एकजुट होकर इसका विरोध किया और कड़ी आपत्ति जताई। ग्रामीणों के कड़े तेवर और शिकायत के बाद हेडमास्टर को वापस आकर स्कूल खोलना पड़ा। इस घटना के बाद से पालकों और ग्रामीणों में शिक्षा विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर लापरवाह हेडमास्टर कुमार रात्रे के खिलाफ तत्काल कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ न हो सके।

