दबंग साहू
बिलाईगढ़ क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और आदतन अपराधियों पर निगरानी मजबूत करने के उद्देश्य से बिलाईगढ़ पुलिस ने आदतन गुंडा-बदमाशों और चोरी के मामलों में पूर्व में संलिप्त आरोपियों की परेड कराई।
एसडीओपी बिलाईगढ़ श्रीमती दीपिका मिंज द्वारा ली गई इस परेड में थाना सरसीवा, बिलाईगढ़, भटगांव और सालिहा क्षेत्र के बदमाशों की हाजिरी लगाई गई। इस दौरान बिलाईगढ़ अनुभाग क्षेत्र के करीब 30 नामी बदमाश उपस्थित रहे।
परेड के दौरान एसडीओपी दीपिका मिंज ने सभी को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कारोबार, चोरी अथवा शांति भंग करने के प्रयास में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इस दौरान एसडीओपी बिलाईगढ़ श्रीमती दीपिका मिंज के साथ थाना प्रभारी सरसीवा निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, थाना प्रभारी बिलाईगढ़ निरीक्षक राजेश चंद्रवंशी तथा चौकी प्रभारी बेलादुला भी मौजूद रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों पर शिकंजा कसने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
