सारंगढ़-बिलाईगढ़ शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के बरमकेला विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी की शिक्षिका सुनीता यादव को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया। सुनीता यादव ने शिक्षा में नवाचार और डिजिटल तकनीक का उपयोग कर विद्यार्थियों के सीखने को आसान और रोचक बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा है।
जिले में खुशी का माहौल
सुनीता यादव को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। जिला प्रशासन की ओर से भी उन्हें राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए बधाई दी गई थी। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने उनके चयन के बाद उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया था।
राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित होकर सुनीता यादव ने न केवल अपने विद्यालय और जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनका नवाचार आधारित शिक्षण ग्रामीण क्षेत्र के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकता है।
