महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत तेंदुकोना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम कौसरा क्षेत्र में स्कूटी से गांजा परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 21 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कौसरा क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस ने नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 21 किलो गांजा बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल नीली स्कूटी, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये, तथा वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए। इस तरह गांजा समेत कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 11 लाख 40 हजार रुपये है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में यादराम साहू (35), निवासी कौसरा और पीतांबर सिन्हा (35), निवासी ठाकुरदियाखुर्द को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना तेंदुकोना में अपराध क्रमांक 117/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(c) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की गई।
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और इसकी सप्लाई किए जाने वाले स्थान की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले संभावित संपर्कों की जांच के जरिए गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
ऑपरेशन निश्चय के तहत जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
