महासमुंद। बसना दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर आपसी प्रेम,भाईचारे, सामाजिक एकता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से सी.जी. सहेली महिला सेवा संगठन द्वारा दीपावली मिलन समारोह का आयोजन ग्राम बड़े साजापाली, गिरि ग्राम में किया गया। यह आयोजन संगठन की संस्थापक श्रीमती शारदा नामदेव साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं संगठन की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर संस्थापक श्रीमती शारदा नामदेव साहू एवं संगठन की ओर से उपस्थित महिलाओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई एवं शॉल का वितरण किया गया। उपहार प्राप्त कर महिलाओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का माहौल आपसी अपनत्व, प्रेम और सौहार्द से सराबोर रहा।
दीपावली मिलन समारोह केवल खुशियां बांटने तक ही सीमित नहीं रहा,बल्कि इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित महिला सदस्यों ने संगठन के आगामी कार्यक्रम सर्व समाज सामूहिक कन्या विवाह समारोह को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस दौरान आगामी आयोजन को सफल बनाने,अधिक से अधिक समाज के लोगों को जोड़ने तथा जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
संगठन की संस्थापक श्रीमती शारदा नामदेव साहू के नेतृत्व में महिलाओं ने सामाजिक एकता और सेवा भावना के साथ आगे भी जनहित एवं समाज कल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
इस अवसर पर गायत्री गौतम साहू,फोटो दुर्गेश पटेल,नेश्वरी सिदार, रंजीता साहू सहित संगठन की अन्य महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और आगामी सामाजिक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी सहभागिता एवं सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।
सी.जी. सहेली महिला सेवा संगठन का यह आयोजन महिला एकजुटता, सामाजिक सहयोग और सेवा भावना की एक सुंदर मिसाल बनकर सामने आया।



